कांवड़ मेला में खाद्य लेबलिंग में गड़बड़ी, निर्माता कंपनियों को नोटिस
हरिद्वार, 12 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला 2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के लेबल पर अनियमितताएं पाए जाने पर 7 निर्माता कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने सभी कंपनियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लेबलिंग एवं प्रदर्शन) विनियमन, 2020 के अनिवार्य प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने राष्ट्रीय राजमार्ग बहादराबाद कांवड़ क्षेत्र और चंडी घाट कांवड़ क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पैकेज्ड पेयजल के 5, बेकरी उत्पाद का 1 और जीरा मसाला सोडा का 1 नमूना, कुल 7 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।
कंपनियों को मिला नोटिस
पैकेज्ड पेयजल की कंपनियां: अनंता एसेंसियल हरिद्वार, विनायक उद्योग, हरिद्वार, सिल्वर मिस्ट बेवरेज, अंबाला कैंट, जया इंटरप्राइजेज, सहारनपुर और नगीना बेवरेज, नगीना(यू .पी.)।
बेकरी उत्पाद: यूकेटो बेकर्स, हरिद्वार
जीरा मसाला सोडा: एसओ एंड एसओ बेवरेज, हरिद्वार। विभाग के अनुसार अनंता एसेंसियल के पैकेज्ड पेयजल पर निर्माता कंपनी का नाम-पता अंकित नहीं था और ‘टेस्ट ऑफ नेचर’ जैसा दावा किया गया था। विनायक उद्योग के उत्पाद पर ‘पहाड़ी झरने के समान शुद्ध पानी’ और सिल्वर मिस्ट बेवरेज पर ‘ट्रीटेड बाई वर्ल्ड क्लास टेक्नोलॉजी’ का दावा पाया गया।
जया इंटरप्राइजेज के उत्पाद पर ‘चैम्पियन्स ड्रिंक्स’ लिखा था, जबकि नगीना बेवरेज के उत्पाद पर पोषण संबंधी दावा को लेकर आपत्ति दर्ज की गई।
बेकरी उत्पाद बनाने वाली यूकेटो बेकर्स के लेबल पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि अंकित नहीं थी। वहीं एसओ एंड एसओ बेवरेज की जीरा मसाला सोडा की बोतलों पर समाप्ति तिथि नहीं लिखी थी।
सात दिन में मांगा जवाब
सभी कंपनियों को 7 दिन के भीतर लेबल संबंधी अनियमितताओं पर जवाब और मांगे गए दस्तावेज जमा कराने को कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत न्यायालय में वाद दायर कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला