जिलाधिकारी ने मत्स्य क्लस्टर का किया निरीक्षण,रंगीन मत्स्य पालन को बढ़ावा
हरिद्वार, 13 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ग्राम पंचायत भगतनपुर आबिदपुर स्थित चंद्रभागी मत्स्य सेवा केंद्र में संचालित रंगीन मत्स्य पालन क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत जनपद में मीडियम स्केल ऑर्नामेंटल रियरिंग यूनिट एवं बैकयार्ड ऑर्नामेंटल रियरिंग यूनिट संचालित की जा रही हैं। इन इकाइयों के माध्यम से किसानों को रंगीन मछलियों के पालन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए किसानों की मांगों के अनुसार जिला योजना से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार जनपद का यह पहला रंगीन मत्स्य क्लस्टर है, जहां किसान संगठित रूप से ऑर्नामेंटल फिश फार्मिंग कर रहे हैं। इससे किसानों की आय में वृद्धि होने के साथ-साथ क्षेत्र में छोटे व्यवसायों और दुकानदारों को भी रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने क्लस्टर से जुड़े किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
इस अवसर पर सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत प्रदेश में केवल हरिद्वार और उधमसिंहनगर जनपदों में ही रंगीन मत्स्य पालन किया जा रहा है।
क्लस्टर में गोल्डन फिश, ब्लैक शार्क, कोई कार्प और कबुतो कोई जैसी रंगीन मछलियों की प्रजातियों का पालन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान काजल टोलियां, पंकज कुमार, संदीप सिंह पंचवाल, प्रकाश सिंह पंचवाल, सीनियर इंस्पेक्टर मत्स्य जयप्रकाश, रेनू वेरिया सहित कई किसान उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला