रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ वार्षिकोत्सव का शुभारंभ
पौड़ी गढ़वाल, 11 मई (हि.स.)। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी के प्रथम वार्षिकोत्सव का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का सफल संचालन किया। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत एवं सफलता के लिए मां शारदे को नमन करते हुए दीप प्रज्वलित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल एवं प्राध्यापकों ने सभी अतिथियों के सम्मान में अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए। धन सिंह ने महाविद्यालय की प्रकाशित प्रथम वार्षिक पत्रिका बनास, मुख्य संपादक डॉ. प्रकाश फोंदणी एवं डॉ. कुमार गौरव जैन द्वारा लिखित रसायन विज्ञान की पुस्तक का विमोचन, शौर्य दीवार का अनावरण, पेयजल टैंक का लोकार्पण एवं मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति से लाभान्वित मेधावी छात्र- छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र वितरण, मनोनित छात्र परिषद के सभी सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरण व वार्षिक पत्रिका में विज्ञापन सहयोग करने वालों को पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान अपने संबोधन में महाविद्यालय के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय प्रदेश का प्रथम व्यावसायिक महाविद्यालय है जिसे हम भविष्य में न्यूक्लियस सेंटर के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सभी महाविद्यालयों में पूर्ण शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा, मॉड्यूलर लैब एवं समुचित फर्नीचर भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने स्नातकोत्तर कक्षाओं में एम एस सी, एमबीए, एमसीए, बीटेक, चार साल का इंटीग्रेटेड बीएड, स्पोर्ट्स का सामान, जिम, संगीत के यंत्र, मुख्य गेट महाविद्यालय पर प्रतीक्षालय, छात्रावास का सामान, प्राचार्य आवास, गेस्ट हाउस, बहुउद्देशीय हॉल, 100 कुर्सियां, पुस्तकालय की किताबें आदि की घोषणाए भी की।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा के संयुक्त निदेशक प्रो. ए. एस. उनियाल ने प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे मे सभी प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी। ब्लॉक प्रमुख थलीसैंण सुनीता रावत ने कहा कि महाविद्यालय के विकास में सहयोग हेतु हम हर संभव प्रयास करेंगे जिसका छात्र-छात्राओं को भरपूर लाभ मिल सके। जिला पंचायत सदस्य टीला डॉ. शिव चरण नौडियाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय की समारोहक डॉ. कल्पना रावत एवं डॉ. उर्वशी के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं द्वारा महाविद्यालय के नवरचित कुलगीत के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती बंदना, स्वागत गीत, गणेश बंदना, गढ़वाली गीत एवं स्थानीय रीति रिवाज तथा वाद्य यंत्रों पर आधारित कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष अमर सिंह नेगी, पूर्व दर्जधारी राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह रौथान, मंडल अध्यक्ष विजय रौथान, मातवर सिंह रावत, डॉ. मनवर सिंह रावत, नरेंद्र नेगी, सतेंद्र रावत, बीरेंद्र सिंह रावत, आनंद नेगी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह