रेकी कर फैक्ट्री में घुसे थे बदमाश, फायरिंग कांड का पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार
हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में चौकीदार को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह द्वारा तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 9 जून को अमानतगढ़ क्षेत्र स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में कुछ बदमाश बड़ी चोरी की नीयत से घुसे थे। फैक्ट्री के चौकीदार ने साहस दिखाते हुए उनके मंसूबों को नाकाम करने का प्रयास किया, जिस पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जांच के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी लुकमान को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। लुकमान से हुई पूछताछ में पुलिस को पूरे गिरोह और वारदात की साजिश के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
बुग्गावाला थाना पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए यूपी बॉर्डर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय पुत्र स्व. चंदू निवासी यमुनानगर (हरियाणा), जोगिंदर उर्फ जोगा पुत्र पूरणचंद निवासी यमुनानगर (हरियाणा) व नसीम पुत्र स्व. बुंदू मिस्त्री निवासी बंदरजूड़, थाना बुग्गावाला हरिद्वार के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह ने फैक्ट्री की कई दिनों तक रेकी की थी।
गिरफ्तार आरोपी जोगिंदर उर्फ जोगा के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी व विद्युत अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला