सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर भिड़े युवक, तमंचे से फायरिंग

 


हरिद्वार, 29 अक्टूबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष तक पहुंच गया। कनखल कोतवाली क्षेत्र के सतीघाट पर युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक पर तमंचे से फायरिंग कर हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है।

गनीमत रही कि युवक गोली लगने से बाल-बाल बच गया। मामले में ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए कनखल पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने वादी के पुत्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान युवक को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया गया। हालांकि, युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया।

घटना के संबंध में वादी की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर को तीन आरोपियों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान आर्यन राजपूत पुत्र रूपचन्द्र निवासी लोधामंडी, राजघाट, कनखल, गौतम सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी बैरागी कैंप और मनीष कुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी कमल बस्ती, बैरागी कैंप, कनखल के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला