मोरी के पवाणी गांव के अग्निकांड पीड़ितों की मदद को आगे आई आआपा, राशन और कंबल भेजे
देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी (आआपा) उत्तराखंड आगे आई है। पार्टी की ओर से शुक्रवार को देहरादून से राशन और कंबल से भरी राहत सामग्री प्रभावित गांव के लिए रवाना की गई। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया और देहरादून महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने राहत सामग्री के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पार्टी की ओर से हिमांशु पुंडीर और शुभम कुमार राहत सामग्री लेकर प्रभावित गांव पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड में बेघर हुए परिवारों को राशन और कंबल वितरित किए तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में पार्टी उनके साथ खड़ी है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता का प्रयास जारी रखेगी।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने अग्निकांड की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने इस घटना में अपने घर और जीवनभर की जमा-पूंजी खोई है, उनका दर्द बेहद पीड़ादायक है। ऐसे समय में पीड़ितों को सांत्वना के साथ ठोस मदद और सहयोग की भी आवश्यकता है।
महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा कि देहरादून से राहत सामग्री का पहला वाहन रवाना किया गया है और यह केवल शुरुआत है। पवाणी गांव दुर्गम क्षेत्र में स्थित है, जहां राहत पहुंचाना आसान नहीं है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता मुश्किल रास्तों को पार कर प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाएंगे।
उन्होंने देहरादून की जनता से भी अपील की कि पवाणी गांव के प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आएं। एक कंबल या राशन की एक बोरी भी किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा हो या इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटना, पीड़ितों के साथ खड़ा होना सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है। पार्टी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग का प्रयास जारी रखेगी। उन्होंने राहत सामग्री पहुंचाने वाले हिमांशु पुंडीर और शुभम कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए समाज के अन्य लोगों और संगठनों से भी मदद के लिए आगे आने की अपील की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय