त्योहारी सीजन में अलर्ट फायर सर्विस, प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल, 29 अक्टूबर (हि.स.)।त्योहारी सीजन को देखते हुए पौड़ी पुलिस की फायर सर्विस टीमें अलर्ट हो गई हैं। जनपदभर में प्रतिष्ठानों और संस्थानों का फायर सेफ्टी निरीक्षण कर अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। साथ ही कर्मचारियों को आग से बचाव और अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
फायर यूनिट श्रीनगर ने सेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल, देहलचौरी और रॉयल होमस्टे, खिर्सू का निरीक्षण किया। फायर यूनिट थलीसैंण ने रैबार होमस्टे, जबकि पौड़ी फायर सर्विस टीम ने गढ़वाल स्वीट्स शॉप एंड रेस्टोरेंट और उत्तरा केयर सेंटर का फायर रिस्क निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की जांच की गई। कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई करने और जरूरी सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई। फायर सर्विस की टीमें त्योहारी सीजन में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह