‘कृष्णावतारम’ की टीम पहुंची हरिद्वार, संतों से लिया आशीर्वाद
हरिद्वार, 03 जून (हि.स.)। देशभर के सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक चौथे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 - द हार्ट’ की टीम ने हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचकर देश के प्रमुख संतों और आध्यात्मिक गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
फिल्म के मुख्य अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता, अभिनेत्री संस्कृति जयाना और निर्माता साजन राज कुरुप ने योग गुरु बाबा रामदेव, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी तथा परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। संतों ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित इस फिल्म के प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
देहरादून में जन्मे अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड उनकी जन्मभूमि है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा उन्हें हमेशा अपनी ओर आकर्षित करती है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में गंगा स्नान और गंगा आरती में शामिल होना उनके लिए बेहद भावुक और यादगार अनुभव रहा।
निर्माता साजन राज कुरुप ने कहा कि ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 द हार्ट’ जैसी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित फिल्म के लिए संतों का आशीर्वाद अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने दर्शकों द्वारा फिल्म को मिल रहे प्रेम और समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया।
फिल्म के चौथे सप्ताह में भी दर्शकों का उत्साह बरकरार है। फिल्म की टीम को उम्मीद है कि यह कहानी आगे भी दर्शकों के दिलों को छूती रहेगी और भारतीय संस्कृति के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला