‘हनुमान अंश’ फिल्म के जरिए महिलाओं ने जाना बाबा नीम करोली का संदेश

 




हल्द्वानी, 15 सितंबर (हि.स.)। हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शहर की महिलाओं के लिए वॉकवे मॉल स्थित सिनेमा हॉल में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग कराई।

बाबा नीम करोली महाराज के जीवन और आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित इस फिल्म के माध्यम से महिलाओं को प्रेम, भक्ति, सेवा, मानवता और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े उनके विचारों को जानने का अवसर मिला।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज का जीवन प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश देता है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में लोगों को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि शहर में सकारात्मक और संस्कारपूर्ण आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशेष स्क्रीनिंग में हल्द्वानी की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। फिल्म देखने के बाद महिलाओं ने महापौर की पहल की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला प्रयास बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता