जन्माष्टमी पर प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास का माहौल, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

 






देहरादून, 04 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को उत्तराखंड में श्रद्धा और उल्लास का माहौल है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों में पहुंच रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शांति, सौहार्द, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके उपदेश सत्य, न्याय एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनका जीवन कर्तव्यनिष्ठा, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जन्माष्टमी का पावन पर्व सभी के जीवन में प्रेम, शांति और सद्भाव का संचार करेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण मानवता के सच्चे संरक्षक, मार्गदर्शक और जीवन-दर्शन के प्रेरणास्रोत हैं। उनका संपूर्ण जीवन सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, त्याग, सेवा, करुणा, सद्भाव और समरसता जैसे मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण का निष्काम कर्म का संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता की भावना को बढ़ावा देने तथा प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय