राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा पर दी शुभकामनाएं
देहरादून, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को मानवता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के लिए आज भी प्रासंगिक बताया।
राज्यपाल बिसेन ने कहा कि गुरु नानक देव का जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने एक ओंकार, समानता, प्रेम, सत्य, करुणा और निःस्वार्थ सेवा का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उनकी शिक्षाएं जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव मात्र के कल्याण की प्रेरणा देती हैं।
राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी द्वारा दिखाया गया सत्य, सद्भाव और सेवा का मार्ग आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने आचरण में अपनाकर प्रेम, शांति और सामाजिक सद्भाव के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानवता को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम, समानता और परोपकार का महान संदेश दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को दूर कर मानव मात्र की समानता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का मार्ग प्रशस्त किया। उनका 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' का संदेश आज भी मानव जीवन को सार्थक दिशा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समाज में एकता, समरसता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। उनका जीवन निःस्वार्थ सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान का भाव रखने की सीख देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इन शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात कर प्रेम, सद्भाव, सेवा और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
धामी ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आध्यात्मिक चेतना, पुण्य, दान और सेवा की भावना को आत्मसात करने का संदेश देते हुए प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय