यूरिया खाद की कालाबाजारी में ट्रक समेत दो हिरासत में
हरिद्वार, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के लक्सर क्षेत्र में किसानों के लिए आवंटित यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। गन्ना समिति के गोदाम से देर रात खाद की बोरियां ट्रकों के जरिए बाहर भेजे जाने का खुलासा किसानों के विरोध के बाद हुआ। पुलिस ने गोदाम कर्मचारी और खाद से भरे ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गन्ना समिति परिसर स्थित गोदाम से रात के समय यूरिया की बोरियां ट्रक में लादी जा रही थीं। आरोप है कि समिति कर्मचारियों की मिलीभगत से खाद को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए भेजा जा रहा था। संदिग्ध गतिविधि देखकर किसानों ने अन्य लोगों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने खाद से भरे ट्रक को कब्जे में लेकर एक गोदाम कर्मचारी राजवीर और ट्रक चालक को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया। भारतीय किसान यूनियन ने उप जिलाधिकारी सौरव असवाल और लक्सर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि यह उनके अधिकारों का सीधा हनन है।
वहीं,गन्ना समिति के सचिव सूरजभान सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि संबंधित कर्मचारी को पहले ही हटा दिया गया था और मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है।
हालांकि किसानों का आरोप है कि बिना अंदरूनी संरक्षण के इस प्रकार की गतिविधि संभव नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला