पौड़ी में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर फेडरेशन का धरना, रैली और प्रदर्शन 25 को

 

पौड़ी गढ़वाल, 24 सितंबर (हि.स.)। 12 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारी 25 सितंबर को जिला मुख्यालय पौड़ी में धरना-प्रदर्शन और रैली करेंगे। आंदोलन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग-पत्र भेजा जाएगा। फेडरेशन ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी करते हुए जिलेभर के कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में पौड़ी पहुंचने का आह्वान किया है।

बुधवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, गोल्डन कार्ड की समस्याओं का समाधान, पदोन्नति, स्थानांतरण और सेवा संबंधी विसंगतियों समेत 12 मांगों को लेकर कर्मचारी लंबे समय से शासन का ध्यान खींच रहे हैं। अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर अब चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया है। सेवानिवृत्त कर्मचारी नंदन ग्वाल ने कहा कि कर्मचारी आंदोलन नहीं चाहता, लेकिन जायज मांगों की अनदेखी होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जरूरी हो जाता है।

संजय नेगी ने कहा कि पौड़ी से उठने वाली कर्मचारियों की आवाज को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। जिलाध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने कहा कि 25 सितंबर का कार्यक्रम किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि कर्मचारियों की साझा समस्याओं का आंदोलन है। उन्होंने सभी घटक संगठनों से प्रभावी भागीदारी की अपील की। कोटद्वार तहसील क्षेत्र में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिला सचिव दीपक गोडियाल ने बताया कि आंदोलन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सतर्क दल गठित किया गया है। स्वयं उन्हें सतर्क दल प्रमुख और मनोज गिल्याल को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। रैली की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संदीप भट्ट को सौंपी गई है। सभी कर्मचारियों से सुबह 11 बजे निर्धारित कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गई है।

बैठक में दीपक नेगी, सरयाल नेगी, डीसी पुरोहित, बलवंत नेगी, नरेंद्र रावत, प्रदीप नेगी, कामिनी, भावना, विनय गिल्याल, अंकित कठैत, सौरभ नौटियाल समेत विभिन्न विभागों और घटक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह