कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को देगा योजनाओं की जानकारी : गणेश जोशी

 


देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को सुवाखोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को कृषि यंत्र, उन्नत किस्म के बीज तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए।

इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसान इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

मंत्री जोशी ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने किसानों से कृषि एवं बागवानी क्षेत्र की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पॉलीहाउस, मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को सब्सिडी दी जा रही है। एरोमा मिशन के तहत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण और समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी दे रहा है। किसानों को जलवायु परिवर्तन के अनुरूप आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसान पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और मूल्य संवर्धन को अपनाकर आय के नए स्रोत विकसित करें। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ गांव-गांव और खेत-खलिहान तक पहुंचाकर किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जाए।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी,जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान,निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय