कूटरचित दस्तावेजों से प्रमाणपत्र के लिए आवेदन का आरोप, मुकदमा दर्ज

 




देहरादून, 30 सितंबर (हि.स.)। स्थायी निवास प्रमाणपत्र और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र के लिए कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन आवेदन करने के मामले में बसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, तहसील सदर के अंतर्गत स्थायी निवास प्रमाणपत्र एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र के लिए किए गए ऑनलाइन आवेदनों की जांच के दौरान दस्तावेजों पर संदेह सामने आया। शिकायत के मुताबिक आवेदक ने स्थायी निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदन संख्या UK26ES00100404994 और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र के लिए आवेदन संख्या UK26ES0500000312 के माध्यम से आवेदन किया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों आवेदनों के साथ कूटरचित दस्तावेज और आधार कार्ड लगाए गए। स्थानीय निरीक्षण के दौरान आवेदक संबंधित पते पर निवासरत नहीं पाया गया। इसके बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस से मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया गया।

बसंत विहार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में आरोपी के रूप में एलीस तोमर पुत्र अमित तोमर, निवासी 16 राम विहार, हर्रावाला, कांवली, बसंत विहार, देहरादून का नाम दर्ज है। मामले की जांच उपनिरीक्षक शशि पुरोहित को सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय