नेत्र शिविर में तीस लोगों ने कराई जांच

 


पौड़ी गढ़वाल, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तरा केयर हॉस्पिटल में विवेकानन्द नेत्रालय, देहरादून के वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञों द्वारा विशेष नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 30 से अधिक मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

आज आयोजित शिविर में चिकित्सकों ने मोतियाबिंद, धुंधला दिखाई देना, दृष्टिदोष, आंखों में जलन, एलर्जी, ग्लूकोमा, आंखों के अल्सर, आंखों में संक्रमण व अन्य नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों की विशेषज्ञ जांच की।

इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि समय-समय पर आंखों की जांच कराने से अधिकांश नेत्र रोगों की पहचान प्रारम्भिक अवस्था में ही हो जाती है, जिससे दृष्टि हानि जैसी गंभीर समस्याओं से बचाव संभव है। आईएसएसए फाउंडेशन के निदेशक इंद्रजीत सिंह नेगी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को उनके अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल के एमएस जेपी चमोली ने बताया कि अब हर महीने के दूसरे शनिवार को नेत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह