आदतन गौकशी के आरोपित को एक माह के लिए किया जिला बदर
हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की निरोधात्मक कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने आदतन गौकशी के अपराध में संलिप्त एक आरोपित को जिला बदर कराया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में झबरेड़ा पुलिस ने ग्राम लाठरदेवा शेख निवासी लाला पुत्र इसरार के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत रिपोर्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट को प्रेषित की थी। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार ने आरोपित को एक माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने आरोपित को जनपद की सीमा से बाहर कर दिया। साथ ही उसे सख्त हिदायत दी गई कि जिला बदर की निर्धारित अवधि में वह हरिद्वार जनपद की सीमा में प्रवेश न करे। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला