रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बीच स्नान पर्व संपन्न होने पर प्रशासन ने जताया आभार

 


हरिद्वार, 16 जून (हि.स.)। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व आस्था देखने को मिली। अनुमानित 76 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भारी भीड़ और व्यापक जनसमागम के बावजूद स्नान पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सफल आयोजन पर सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, संत-महात्माओं, पुरोहितों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण, धैर्य और संवेदनशील कार्यशैली के कारण विशाल जनसमूह के बीच भी आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सका।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह सफलता प्रशासन, पुलिस और सहयोगी विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय, प्रभावी योजना और निरंतर निगरानी का परिणाम है। स्नान पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, घाटों पर सुरक्षा, चिकित्सा सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और निगरानी तंत्र को सक्रिय रखते हुए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरती गई।

उन्होंने उन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा की, जिन्होंने दिन-रात अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया।

स्वयंसेवी संगठनों, श्री गंगा सभा, तीर्थ पुरोहितों, साधु-संतों, व्यापारिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, सफाई कर्मियों, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, नगर निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग तथा अन्य सहयोगी एजेंसियों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के अनुशासन, सहयोग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन ने भी आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार का समन्वय और सहभागिता बनी रहेगी, जिससे धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला