ईएसएम रैली में 783 प्रतिभागियों की सहभागिता

 




पिथौरागढ़/धारचूला, 23 फ़रवरी (हि.स.)।

पंचशूल ब्रिगेड के अंतर्गत धारचूला में भूतपूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया गया। स्टेशन मुख्यालय धारचूला के तत्वावधान में कुमाऊँ स्काउट्स की ओर से कुमाऊँ स्काउट्स स्टेडियम में यह ईएसएम (भूतपूर्व सैनिक) रैली संपन्न हुई।

रैली में धारचूला, कनालीछीना, डीडिहाट और मुनस्यारी क्षेत्र के कुल 783 लोगों ने भाग लिया। इनमें 513 भूतपूर्व सैनिक, 189 वीरांगनाएं एवं भूतपूर्व सैनिकों की विधवाएं तथा 81 आश्रित शामिल रहे।

रैली का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, युद्ध दिव्यांग सैनिकों और वीर नारियों को एक मंच पर एकजुट करना तथा यह संदेश देना था कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे राष्ट्र की सेवा भावना से जुड़े हुए हैं। कार्यक्रम में 119 (स्वतंत्र) पैदल सेना ब्रिगेड समूह के डिप्टी कमांडर, एसओ वेटरन्स यूके सब एरिया, कमान अधिकारी कुमाऊँ स्काउट्स सहित सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया तथा उनसे समाज निर्माण में सक्रिय योगदान जारी रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्टेशन मुख्यालय धारचूला की ओर से भूतपूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया गया तथा विशेष अनुदान प्रदान किए गए। कार्यक्रम स्थल पर सेना की विभिन्न कल्याणकारी एजेंसियों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां पेंशन, पात्रता संबंधी समस्याओं और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया गया।

तत्काल स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक दवाओं से सुसज्जित चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इस रैली ने संवाद का प्रभावी मंच प्रदान करते हुए पेंशन, चिकित्सा, स्वास्थ्य देखभाल, पुनः रोजगार और शिकायत निवारण से जुड़े मुद्दों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल