गोर्खा किरांति समिति के पूर्व सैनिकों ने मनाया 20वां रेजिंग डे

 

देहरादून, 01 मार्च (हि.स.)। 11 गोर्खा किरांति समिति के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों ने रविवार को गल्जवाड़ी स्थित पूर्व सैनिक सामुदायिक भवन में अपना 20वां रेजिंग डे पुनर्मिलन समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर एस. मेहता (अ.प्रा.) रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष मेजर पी.बी. गुरूंग एवं मुख्य अतिथि की ओर से शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी उपस्थित पूर्व सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को 20वें रेजिंग डे की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समिति के मीडिया प्रभारी सुरेश राई ने बताया कि इस वर्ष के आयोजन की विशेषता यह रही कि देहरादून जनपद के बाहर से भी पूर्व सैन्य अधिकारी बतौर अतिथि समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान युवा कलाकारों ने गोर्खाली नृत्य एवं गीत-संगीत की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए साथियों के साथ पुनर्मिलन की खुशी व्यक्त की।

इस अवसर पर वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों को खादा ओढ़ाकर तथा स्मारिका प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में समिति के अध्यक्ष ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय