पूर्व विधायक ठुकराल के खिलाफ मुकदमा, एसएसपी कार्यालय में कांग्रेसियों का हंगामा

 




रुद्रपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर रुद्रपुर जिला मुख्यालय में आयोजित बैठक में हंगामे के मामले में कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यालय में प्रवेश को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में कार्यकर्ता मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए।

किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा समेत कई कांग्रेस नेता एसएसपी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। बेहड़ ने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता के दबाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुकदमे में सामान्य धाराएं होने के बावजूद पूर्व विधायक के घर पर पुलिस ने किसके इशारे पर दबिश दी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए धामी सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है।

दरअसल, सोमवार को रुद्रपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में एसआईआर की समीक्षा बैठक के दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के बीच तीखी बहस और कथित गाली-गलौज हुई थी। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे। करीब 10 घंटे चले धरने के बाद जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी की तहरीर पर पंतनगर थाने में पूर्व विधायक ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मंगलवार को इसी मुकदमे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में प्रवेश का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव संदीप चीमा, सुमित भुल्लर, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, संजय ठुकराल, योगेश चौहान, राजेश प्रताप सिंह, भूपेंद्र चौधरी, मोहन खेड़ा और विशु भूसरी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा