'जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार' अभियान में हजारों लोगों ने उठाया लाभ
देहरादून, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के 'जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार' अभियान के पहले तीन दिनों में प्रदेशभर में आयोजित विशेष शिविरों में हजारों लोगों ने विभिन्न सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया। शिविरों में जन शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने के साथ ही समाज कल्याण पेंशन, आयुष्मान कार्ड, चिकित्सा एवं कृषि उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता तक पहुंचकर शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर रहा है और पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
सूचना विभाग की ओर से साेमवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चार जुलाई से प्रदेशभर में 15 दिवसीय अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि लोगों की शिकायतों का समाधान कर रहे हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि शिविरों में पात्र लाभार्थियों को समाज कल्याण पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राजस्व विभाग के विभिन्न प्रमाणपत्र, कृषि उपकरण और बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जरूरतमंदों को चिकित्सा उपकरण भी वितरित किए जा रहे हैं। सड़क, बिजली और पेयजल जैसी स्थानीय समस्याओं का भी मौके पर निस्तारण किया जा रहा है।
सरकार के अनुसार इससे पहले दिसंबर 2025 में चलाए गए 45 दिवसीय 'जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार' अभियान के दौरान प्रदेशभर में 681 शिविर आयोजित किए गए थे, जिनमें 5.33 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था। इस दौरान करीब 33 हजार जन शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय