17-18 अक्टूबर को रावत गांव में होगा रन भुला, रन भुली उत्सव

 

पौड़ी गढ़वाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। पहाड़ के ग्रामीण उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए त्र्यंबक फाउंडेशन 17-18 अक्टूबर को रावत गांव में ‘पहाड़ 2 पिच’ कार्यक्रम आयोजित करेगा। ‘रन भुला! रन भुली’ उत्सव के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में चयनित उद्यमों को 50 हजार से पांच लाख रुपये तक अनुदान का अवसर मिलेगा। कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, स्थानीय उ त्पादों और ग्रामीण पर्यटन से जुड़े उद्यमियों को मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

उत्सव में 18 अक्टूबर को आठ और पांच किलोमीटर की दौड़, रस्साकशी, चित्रकला गतिविधि और वरिष्ठ नागरिकों की फन रन आयोजित होगी। दोनों दिन ग्रामीणों और प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगेगा। फाउंडेशन के संस्थापक मेजर गोरकी चंदोला ने कहा कि पहल का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक सहयोग देकर पहाड़ में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह