राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे आचार्यकुलम् के तीन विद्यार्थी

 


हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। आचार्यकुलम् के तीन विद्यार्थी राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऊर्जा मंत्रालय और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है।

प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 2.12 लाख विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें आचार्यकुलम् के कुणाल कुंज (कक्षा 10) ने वरिष्ठ वर्ग और वर्षा रानी (कक्षा सात) ने कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों को 50-50 हजार रुपये और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। ज्योति यादव (कक्षा सात) ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 30 हजार रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि दीक्षा यादव (कक्षा नौ) को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 7,500 रुपये मिले।

कुणाल कुंज, वर्षा रानी और ज्योति यादव का चयन 14 दिसंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता के लिए किया गया है। बुधवार को संस्थान में तीनों विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के परमाध्यक्ष स्वामी रामदेव ने कहा कि आचार्यकुलम् में कला साधना के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाता है। महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निरंतर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना संस्थान की उत्कृष्टता का प्रमाण है। इस अवसर पर संस्थान की उपाध्यक्षा डॉ. ऋतंभरा शास्त्री, प्राचार्या स्वाति मुंशी सहित आचार्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला