सोमवती अमावस्या स्नान से पूर्व हर की पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज

 


हरिद्वार, 13 जून (हि.स.)। आगामी वीकेंड एवं सोमवती अमावस्या स्नान मेले के मद्देनजर हरिद्वार प्रशासन और पुलिस द्वारा हर की पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त टीम द्वारा घाटों एवं प्रमुख मार्गों से अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है।

अभियान के दौरान हर की पैड़ी क्षेत्र के विभिन्न घाटों, गलियारों और पैदल मार्गों पर किए गए अस्थायी एवं अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्नान पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है, ऐसे में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मार्गों को पूरी तरह व्यवस्थित किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा व्यापारियों और स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है तथा उन्हें सार्वजनिक मार्गों और घाटों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करने की हिदायत दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम स्नान का अनुभव मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला