सीजन से पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण पर कार्रवाई, ठेले-फड़ हटाए

 


हरिद्वार, 05 मार्च (हि.स.)। आगामी यात्रा सीजन और बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को चौकी नगर क्षेत्र में पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया।

अभियान के दौरान सड़कों, गलियों और घाटों के आसपास लगाए गए अस्थायी ठेले-फड़ और अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। पुलिस टीम ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रा सीजन के दौरान हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में भी कठिनाई आती है।

अभियान के दौरान दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की गई कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रा सीजन को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। हरकी पैड़ी सहित शहर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला