बहादराबाद में दिनदहाड़े पुलिस और हथियार तस्करों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल

 




हरिद्वार, 15 नवंबर (हि.स.)। बहादराबाद क्षेत्र में रविवार को पुलिस और अवैध हथियारों के दो कथित तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों के कब्जे से दो पिस्टल बरामद की गई हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, बहादराबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियारों के साथ हरिद्वार आ रहे हैं। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बहादराबाद क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपित भागकर गन्ने के खेतों में घुस गए। इस दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकुल (करीब 25 वर्ष) और भूपेंद्र निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। मुठभेड़ में घायल मुकुल को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दूसरे आरोपित भूपेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो पिस्टल भी बरामद की हैं।

दिनदहाड़े हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस अब मेरठ से हरिद्वार तक फैले अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। आरोपित हथियार कहां से लाते थे और हरिद्वार में किन लोगों को इनकी आपूर्ति की जानी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने मुठभेड़ और दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला