पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों से एकजुट होने की अपील
पौड़ी गढ़वाल, 27 अप्रैल (हि.स.)। विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विभिन्न विभागों में गेट मीटिंग के माध्यम से कर्मचारियों को जागरूक किया। इस दौरान एक मई को होने वाली रैली को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
सोमवार को गेट मीटिंग के दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं और भविष्य की चिंताओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन के मंडलीय अध्यक्ष रेवती नंदन डंगवाल ने कहा कि जब एक दिन के विधायक और सांसद को पेंशन की सुविधा मिल सकती है, तो अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारियों को 30-40 वर्ष की सेवा के बाद पुरानी पेंशन से वंचित रखना न्यायसंगत नहीं है।
पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संघ के संजय नेगी ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत की कमाई को सरकारों द्वारा शेयर मार्केट में निवेश किया जा रहा है, जो जोखिमपूर्ण है। इससे कार्मिक अपने बुढ़ापे को लेकर चिंतित हैं और सुरक्षित भविष्य के लिए पुरानी पेंशन बहाली अत्यंत आवश्यक है।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि जनपद पौड़ी इस उत्तराखंड राज्य की जननी है और यहां से उठने वाली आवाज सदैव निर्णायक रही है।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से एक मई को होने वाली रैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। इस मौके पर दीपक गोडियाल, अंकित कठैत, सुभाष चमोली, संदीप भट्ट, जसपाल रावत, आजाद सिंह, प्रदीप सिंह, कुसुमलता शाह, मुकेश चंद्र आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह