बीजीआर परिसर पौड़ी में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल, 11 सितंबर को होगा मतदान
पौड़ी गढ़वाल, 29 अगस्त (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में छात्रसंघ चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. पीयूष सिन्हा की ओर से जारी अधिसूचना के बाद परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने की उम्मीद है। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य और विश्वविद्यालय छात्रसंघ प्रतिनिधि (यूआर) के पदों के लिए निर्वाचन होगा।
अधिसूचना के अनुसार नामांकन दो और तीन सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक कराया जाएगा। तीन सितंबर को ही दोपहर 2:30 बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी और वैध प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे। प्रत्याशी पांच सितंबर को दोपहर 12 बजे से दोपहर दो बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद पांच सितंबर को दोपहर तीन बजे के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। बताया कि परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए 11 सितंबर को सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 1:30 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होते ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके बाद निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी उसी दिन कला संकाय भवन प्रांगण में कराया जाएगा।
चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष के एक-एक पद के साथ कार्यकारिणी के छह सदस्यों तथा छात्राओं के लिए आरक्षित एक कार्यकारिणी सदस्य का चुनाव होगा। इसके अलावा विश्वविद्यालय छात्रसंघ प्रतिनिधि (यूआर) का एक पद भी इस बार छात्राओं के लिए आरक्षित है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह