देहरादून में 24 जुलाई को चुनाव प्रेक्षक प्रणाली पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
देहरादून, 22 जुलाई (हि.स.) उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से 24 जुलाई को देहरादून में ‘मॉडल स्टैंडर्ड्स फॉर इलेक्टोरल ऑब्जर्वर’ विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में भारत सहित कई देशों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं चुनाव प्रेक्षक प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे ने बुधवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का उद्देश्य निर्वाचन प्रेक्षक प्रणाली की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उसे अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाना है। साथ ही चुनाव प्रेक्षकों के लिए मॉडल मानकों पर अकादमिक और नीतिगत विमर्श को बढ़ावा देना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.बी.वी.आर.सी.पुरुषोत्तम मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारती,राज्य पुलिस प्रशिक्षण के नोडल आईजी अनंत शंकर ताकवले,अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे,देहरादून और हरिद्वार के जिलाधिकारी और भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी,उत्तरांचल विश्वविद्यालय और दून विश्वविद्यालय के शिक्षाविद विभिन्न तकनीकी सत्रों में अपने विचार रखेंगे।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि सम्मेलन में संयुक्त राज्य अमेरिका,रोमानिया,आयरलैंड,इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान,हंगरी और नेपाल की चुनाव प्रबंधन संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है। इसके अतिरिक्त 20 से अधिक विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों सहित विभिन्न क्षेत्रों के 400 से अधिक प्रतिभागी हाइब्रिड माध्यम से सम्मेलन में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन शिक्षाविदों,नीति-निर्माताओं,विधि,मीडिया और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा,जहां चुनाव प्रेक्षक प्रणाली से जुड़े अनुभवों और सुझावों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय