निर्वाचन आयोग के दल ने रुद्रप्रयाग में एसआईआर अभियान का लिया जायजा

 


-मतदाता साक्षरता क्लब में विद्यार्थियों से संवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों की दी जानकारी

रुद्रप्रयाग, 19 जून (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के उप निदेशक अपूर्व कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय दल ने शुक्रवार को रुद्रप्रयाग जिले का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, निर्वाचन साक्षरता गतिविधियों तथा मीडिया एवं संचार रणनीति की तैयारियों का जायजा लिया।

आयोग के दल में सहायक निदेशक गौरी एस. और वरिष्ठ वीडियो संपादक रंजीत श्रीवास्तव भी शामिल थे। अधिकारियों ने जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा से मुलाकात कर एसआईआर अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटाइजेशन कार्य और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इसके बाद अधिकारियों ने गुप्तकाशी स्थित डॉ. जैक्स विन नेशनल स्कूल में आयोजित मतदाता साक्षरता क्लब कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर निर्वाचन साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों और युवा मतदाताओं की भूमिका पर जानकारी दी।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ईसीआई नेट ऐप की उपयोगिता और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्यों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं। साथ ही विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों से निर्वाचन आयोग के आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों को फॉलो करने तथा ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करने की अपील की।

दौरे के दौरान आयोग के अधिकारियों ने बूथ संख्या-52 (नाला) का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत चल रहे कार्यों का स्थलीय अवलोकन किया। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) के साथ गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान बीएलओ विनीता देवी और पुष्पा देवी ने अधिकारियों को अभियान की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

आयोग के अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय