31 बुजुर्ग यात्री जागेश्वर धाम की यात्रा के लिए किए रवाना
नई टिहरी, 14 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश सरकार की मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत गजा क्षेत्र के 31 बुजुर्ग श्रद्धालुओं के यात्रा वाहन को जिला पंचायत सदस्य ताजवीर खाती और पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने जागेश्वर धाम की तीर्थ यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शुक्रवार को पर्यटन अधिकारी राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी योजना है।
आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्ग लोगों को जो तीर्थ धामों की यात्रा करने में असमर्थ है, उन्हें इस योजना के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन के अवसर मिलते हैं। यात्रियों को पर्यटन विभाग की ओर से निशुल्क भोजन,रहने आदि की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाती है। योजना का उद्देश्य बुजुर्ग नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए साथ-साथ उन्हें सुरक्षित यात्रा का अवसर प्रदान करना है। जिला पंचायत सदस्य खाती ने कहा कि बुजुर्ग हमारी समाज की धरोहर है। सरकार की बुजुर्गों के लिए तीर्थ एवं धार्मिक स्थलों के दर्शन की यह योजना बहुत अच्छी है। इस मौके पर अनीता देवी, जयेंद्र सिंह चौहान, दर्शन पंवार, विपिन चौहान दर्मियान नेगी, जसवंत चौहान, जबर सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी