38 आचार्य बहनों को दिया क्षमता विकास प्रशिक्षण
नई टिहरी, 06 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एकल अभियान भाग गढ़वाल के अंतर्गत टिहरी अंचल में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का गुरुवार को समापन हुआ। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की 38 आचार्य बहनों को क्षमता विकास प्रशिक्षण देकर एकल अभियान के उद्देश्यों, कार्य पद्धति और उनकी भूमिका की जानकारी दी गई।
मिलन केंद्र बौराड़ी में आयोजित समापन कार्यक्रम में एकल अभियान के अंचल टिहरी भाग अभियान प्रमुख प्रीति, आरती और प्राथमिक शिक्षा प्रशिक्षण प्रमुख नीतू ने बताया कि एकल अभियान केवल बच्चों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, संस्कार, सेवा, सामाजिक समरसता और ग्राम विकास का माध्यम भी है।
उन्होंने बताया कि गांवों में संचालित एकल विद्यालयों में आचार्य बहनें बच्चों को पंचमुखी शिक्षा, संस्कार और शारीरिक शिक्षा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार और संरक्षण में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अंचल अध्यक्ष राकेश गुसाईं, उपाध्यक्ष विनीत उनियाल और रोबिन भट्ट ने बताया कि एक अगस्त से शुरू हुए प्रशिक्षण वर्ग में प्रतिभागियों को प्रतिदिन सुबह साढ़े पांच बजे से स्मरण, शारीरिक शिक्षा सहित विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया। भोजन से पूर्व और बाद में भी अलग-अलग प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित आचार्य बहनों ने अभियान के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Surendra Nautiyal