ईद मिलादुन्नबी पर 20 से 26 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

 


हरिद्वार, 17 अगस्त (हि.स.)। अंजुमन गुलामान-ए-मुस्तफा सोसायटी की ओर से ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 9 से 12 रबीउल अव्वल तक विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोसायटी के अध्यक्ष हाजी शफी खान ने प्रेस क्लब में पत्रकारो ंको कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाजसेवा के कार्यों को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को कलियर में चादरपोशी और लंगर का आयोजन हाजी जमशेद खान साहब की ओर से चादरपोशी और लंगर का आयोजन किया जाएगा। 23 अगस्त को ज्वालापुर स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। 24 अगस्तको हरिद्वार स्थित अजरधाम में अंध विद्यालय में बच्चों को भोजन और फल वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही हाजी जमशेद खान की ओर से विभिन्न अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। रात में नमाज-ए-इशा के बाद शादाब कुरैशी के निवास पर जश्न-ए-महफिल का आयोजन होगा।

25 अगस्त को बिलाल मियां, पीलीभीत की ओर से मुए मुबारक की जियारत कराई जाएगी। यह कार्यक्रम मोहल्ला कोटरवान, ज्वालापुर स्थित अंजुमन गुलामान-ए-मुस्तफा सोसायटी के अध्यक्ष हाजी शफी खान के निवास स्थान पर आयोजित होगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतिम दिन 26 अगस्त को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जलूस-ए-मोहम्मदी (शोभायात्रा) निकाली जाएगी। शोभायात्रा ज्वालापुर शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी और घड़ी वाले बाबा, ऊंची सड़क, नेशनल हाईवे के निकट पहुंचकर इसका समापन किया जाएगा।

हाजी शफी खान ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने समाज के लोगों से सभी कार्यक्रमों में शांतिपूर्ण ढंग से शामिल होने तथा भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश देने की अपील की। सोसायटी की ओर से धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ रक्तदान, भोजन एवं फल वितरण जैसे सामाजिक सेवा कार्य भी किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला