सत्यम पाठशाला के बच्चों ने जाना प्रशासनिक कामकाज, डीएम ने दिए सफलता के मंत्र

 


हरिद्वार, 29 सितंबर (हि.स.)। सत्यम पाठशाला के बच्चों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा। पाठशाला की शिक्षिका रेणुका देवी के संरक्षण व नेतृत्व में बच्चों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर संवाद किया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एडीएम जितेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आरके सिंह और एसपी क्राइम एवं यातायात निशा यादव ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य तय करना जरूरी है, जो कड़ी मेहनत और लगन से ही हासिल होता है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से बचकर पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने की सलाह दी।

एसपी निशा यादव ने कहा कि मेहनत के बल पर हर बच्चा आईएएस-आईपीएस बनने का सपना पूरा कर सकता है, इसके लिए अनुशासन जरूरी है। सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और नियमित समाचार पढ़ने के महत्व पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला