गुरुकुल कांगड़ी में विज्ञान गतिविधियों पर किया मंथन
हरिद्वार, 28 अप्रैल (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग द्वारा एक दिवसीय विज्ञान गतिविधि कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने शोधार्थियों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के बीच नवाचार और वैज्ञानिक सोच को नई दिशा देने का कार्य किया।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय नवाचार प्रतिष्ठान तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, गुरुग्राम के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें 80 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय नवाचार प्रतिष्ठान एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की प्रतिनिधि डॉ. गरिमा चौधरी और दीप्ति जगूरी के साथ आयोजित इंटरैक्टिव सत्र रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए और नवाचार की वास्तविक प्रक्रिया को समझने का अवसर प्राप्त किया।
विशेषज्ञों ने जमीनी स्तर के शोध, पेटेंट, बौद्धिक संपदा अधिकार व अभिनव विचारों को विकसित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन और डीएसटी नवाचारी विचारों को पहचान कर उन्हें इनक्यूबेशन, तकनीकी मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मुकेश कुमार ने कहा कि ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं और उन्हें अपने विचारों को स्टार्टअप में बदलने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-1 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत कुमार विश्नोई ने विद्यार्थियों को समाज सेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. कल्पना सागर द्वारा किया गया। उन्होंने इस आयोजन को विद्यार्थियों के समग्र विकास और करियर निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में डॉ. संदीप कुमार और डॉ. चिरंजीव बनर्जी भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अंत में प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में ऐसे और आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला