विद्यालयी शिक्षा विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी, सेमल्टी बने माध्यमिक शिक्षा के प्रभारी निदेशक

 




देहरादून, 30 जून (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार ने वार्षिक स्थानांतरण सत्र-2026 के तहत विद्यालयी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां की गई हैं।

आदेश के तहत विनोद प्रसाद सेमल्टी को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं के.एस. रावत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा और अपर परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसी क्रम में विनोद कुमार ढौंडियाल को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर का प्रभारी सचिव बनाया गया है। गोविन्द राम जायसवाल को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के साथ प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

रणजीत सिंह नेगी को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), नैनीताल नियुक्त किया गया है। उन्हें प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल तथा लोक सेवा अधिकरण, नैनीताल में नोडल अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दिए जाने से विभाग के प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से विभागीय समन्वय मजबूत होगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय