राज्यपाल बोले- युवा नवाचार से बनेगी स्वस्थ खाद्य प्रणाली
- 387 टीमों में एसजीआर पीजी कॉलेज की ‘हिमसाथी इनोवेटर्स’ रही प्रथम,1,600 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
देहरादून, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और सतत खाद्य प्रणाली के निर्माण में युवाओं के नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन’ की शुरुआत कर युवाओं की रचनात्मक क्षमता को समाजहित से जोड़ने का प्रयास किया है।
शनिवार को लोक भवन में आयोजित ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन-उत्तराखंड 2026’ के सम्मान समारोह में राज्यपाल ने विजेता टीमों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में गेन ग्लोबल, न्यूट्रिशन कनेक्ट और गेन इंडिया और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहयोग से किया गया।
इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए स्वस्थ नागरिक सबसे बड़ी पूंजी हैं। इसके लिए पौष्टिक भोजन, खाद्य सुरक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने नवाचारों को समाज तक पहुंचाकर उन्हें व्यवहारिक रूप देने का आह्वान किया।
हैकाथॉन में राज्यभर की 387 टीमों ने भाग लिया। तीन चरणों की प्रतियोगिता के बाद छह टीमों को सम्मानित किया गया। एसजीआर पीजी कॉलेज, देहरादून की हिमसाथी इनोवेटर्स टीम ने प्रथम, क्वांटम विश्वविद्यालय, रुड़की की सीड बिट्स टीम ने द्वितीय और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार की एकोर्न इनोवेटर्स टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डीबीएस पीजी कॉलेज, देहरादून की मैत्री पोषण, गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज, हल्द्वानी की फूडिक्टिव तथा गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सुरसिंगधार (नई टिहरी) की स्वास्थ्य हैकर्स टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी और चिकित्सा शिक्षण संस्थानों के 1,600 से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड का युवा स्वस्थ, सुरक्षित और टिकाऊ खाद्य प्रणाली के निर्माण के प्रति गंभीर और प्रतिबद्ध है।
गेन की हेड–प्रोग्राम्स एंड पॉलिसी डॉ. सुप्रीत कौर ने कहा कि ‘ईट राइट यूथ हैकाथॉन’ का उद्देश्य युवाओं को ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान से जोड़ते हुए सुरक्षित एवं संतुलित खान-पान के प्रति जागरूक बनाना है। वहीं, न्यूट्रिशन कनेक्ट की ग्लोबल मैनेजर देवजानी समांत्रे ने बताया कि उनकी संस्था इस तरह की पहल विश्व के नौ देशों में सफलतापूर्वक संचालित कर चुकी है।
समारोह में प्रथम महिला गुरमीत कौर,अपर सचिव रोहित मीणा,विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षाविद, खाद्य एवं पोषण विशेषज्ञ तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय