यात्री बनकर बैठे एआरटीओ निखिल शर्मा और खुल गई ई-रिक्शा चालकों की लूट की पोल, तीन सीज

 


हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूलने वाले ई-रिक्शा चालकों पर परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई कर फौरी तौर पर तीन ई रिक्शा सीज किए हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बुधवार को एआरटीओ(प्रशासन) निखिल शर्मा ने खुद सामान्य यात्री बनकर शहर के विभिन्न मार्गों पर ई-रिक्शाओं में सफर किया और चालकों की करतूतों का पर्दाफाश कर दिया। जांच के दौरान ऋषिकुल से शिवमूर्ति चौक तक जहां सामान्य किराया 20 रुपये बनता था, वहां चालक ने 50 रुपये वसूल लिए। इसके बाद शिवमूर्ति चौक से भगत सिंह चौक तक दूसरे चालक ने 30 रुपये की जगह 150 रुपये की मांग कर डाली। दोनों ई-रिक्शा को मौके पर ही सीज कर दिया गया। तीसरे मामले में भगत सिंह चौक से शिवालिक नगर तक एक ई-रिक्शा चालक ने न केवल निर्धारित किराए से अधिक वसूली की बल्कि क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाकर यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में डाल दी। इस वाहन को भी तत्काल सीज कर दिया गया।

एआरटीओ निखिल शर्मा ने साफ कहा कि चारधाम यात्रियों के आर्थिक शोषण और ओवरलोडिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिवहन विभाग अब लगातार गुप्त जांच और औचक निरीक्षण करेगा। कार्रवाई के बाद ई-रिक्शा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला