दशहरा पर हरिद्वार में यातायात डायवर्जन प्लान जारी, पांच मेला स्थलों पर रहेगी विशेष व्यवस्था
हरिद्वार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दशहरा पर्व पर मेला स्थलों में रावण दहन और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है।
शहर के पांच प्रमुख स्थलों बीएचईएल सेक्टर-4, बीएचईएल सेक्टर-1, जटवाड़ा पुल ज्वालापुर, चमगादड़ टापू मैदान और मोतीचूर पार्किंग मैदान (दूधाधारी मैदान) के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इन स्थानों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने के साथ ही निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में यातायात यथावत संचालित रहेगा। मेला क्षेत्रों में भीड़ का दबाव बढ़ने पर उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।
बीएचईएल सेक्टर-4 और सेक्टर-1 में बदलेगा यातायात
सेक्टर-4 बीएचईएल में सिडकुल की ओर से आने वाले वाहन सेक्टर-4 से सिविल अनुरक्षण सेक्टर-3 और स्वर्ण जयंती पार्क होते हुए भगत सिंह चौक तथा रानीपुर मोड़ की ओर जाएंगे। वहीं, रानीपुर मोड़ और भगत सिंह चौक की ओर से आने वाले वाहन स्वर्ण जयंती पार्क, सिविल अनुरक्षण सेक्टर-3 और सेक्टर-4 चौक से होते हुए सिडकुल व रोशनाबाद की ओर जाएंगे।
सेक्टर-4 चौक से स्वर्ण जयंती पार्क चौक और शॉपिंग सेंटर से सेक्टर-4 चौक के बीच सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यहां केवल आपातकालीन वाहनों को अनुमति होगी। पार्किंग के लिए सिविल अनुरक्षण सेक्टर-3 के सामने और स्वर्ण जयंती पार्क के सामने खाली मैदान निर्धारित किया गया है। इन स्थानों पर लगभग 300 वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
बीएचईएल सेक्टर-1 में सेक्टर-1 चौक से स्टेट बैंक तिराहे के बीच सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। केवल आपातकालीन वाहन ही गुजर सकेंगे। वाहनों की पार्किंग सेक्टर-2 स्थित स्वास्थ्य केंद्र और मानव संसाधन विकास केंद्र के सामने खाली मैदान में होगी। यहां लगभग 400 वाहनों की पार्किंग क्षमता निर्धारित की गई है।
जटवाड़ा पुल और चमगादड़ टापू पर भी प्रतिबंध
ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल चौक से नहर पटरी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रानीपुर झाल नहर पटरी की ओर से आने वाले वाहनों को रेगुलेटर पुल के समीप पार्क कराया जाएगा। यहां करीब 150 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था की गई है। चमगादड़ टापू मैदान में दशहरा आयोजन के दौरान जयराम मोड़ से भीमगोड़ा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भीमगोड़ा और हाईवे की ओर से आने वाले वाहनों को हनुमान वाटिका से चमगादड़ टापू के पिछले हिस्से में पार्क कराया जाएगा। इस पार्किंग स्थल की क्षमता लगभग 400 वाहन है।
मोतीचूर से दूधाधारी तिराहे तक वाहनों पर रोक
मोतीचूर पार्किंग मैदान यानी दूधाधारी मैदान में आयोजित होने वाले दशहरा मेले के दौरान मोतीचूर रेलवे स्टेशन तिराहे से दूधाधारी तिराहे के बीच वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। दूधाधारी तिराहे से खड़खड़ी की ओर और सूखी नदी तिराहे से दूधाधारी तिराहे की ओर ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। प्रतिबंधित ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा को दूधाधारी से हाईवे की ओर तथा सूखी नदी तिराहे से पावनधाम की ओर भेजा जाएगा।
खड़खड़ी की ओर से आने वाले वाहनों को मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास सड़क के दोनों ओर पार्क कराया जाएगा। वहीं, हाईवे की ओर से आने वाले वाहनों के लिए दूधाधारी फ्लाईओवर के नीचे खाली स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यहां लगभग 400 वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा।
हरिद्वार पुलिस ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। पुलिस ने सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने, आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में धैर्य बनाए रखने की भी अपील की है।
पुलिस के अनुसार, दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। सभी से यातायात नियमों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला