डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार किशोरी की मौत, पिता घायल
हल्द्वानी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। हल्दूचौड़ में हल्द्वानी-बरेली हाईवे पर डंपर और स्कूटी की टक्कर में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। घायल पिता का सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को करीब 11:35 बजे एचपी पेट्रोल पंप के सामने सड़क हादसे की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो स्कूटी संख्या यूके 06 एयू-1303 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। स्कूटी पर किच्छा के बंडिया खाद गोदाम नहर के पास निवासी करीब 42 वर्षीय सुरेंद्र कुमार और उनकी 14 वर्षीय बेटी प्रेरणा सवार थीं।
हादसे में दोनों घायल हो गए थे। पुलिस ने उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान प्रेरणा ने दम तोड़ दिया। सुरेंद्र कुमार का उपचार जारी है।
पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर संख्या यूके 06 सीसी-6222 को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता