खनन सामग्री से भरा डंपर पलटा, टैम्पो ट्रैवलर भी खाई में गिरी

 


हरिद्वार, 16 जून (हि.स.)। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर 24 घंटे के भीतर दो सड़क हादसे हुए। मंगलवार सुबह बादशाहपुर बस स्टैंड के पास बजरी से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल और तार तोड़ते हुए पलट गया।

चालक सदाकत अली और परिचालक जीशान अली को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसे ऊर्जा निगम की टीम ने बहाल कराया।

वहीं देर रात भट्टीपुर के पास एक टैम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस वाहन चालक और मालिक की जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।

लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों ने ओवरलोड और खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला