आंधी तूफान से सोलर प्लांट को हुआ नुकसान
पौड़ी गढ़वाल, 14 जून (हि.स.)। जिले के पाबौ ब्लाक की खातस्यूं पट्टी स्थित श्रीकोट गांव में बीते दिनों आए आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की घटना से एक सोलर प्लांट संचालक को नुकसान पहुंचा है। आंधी व तूफान के चलते करीब एक करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 200 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट का एक हिस्सा प्रभावित हुआ है जिससे बिजली उत्पादन बाधित हो गया है।
सोलर प्लांट के स्वामी विनीत अग्रवाल ने बताया कि तेज आंधी के कारण प्लांट की सात सोलर प्लेटें उखड़ गईं, जबकि बिजली गिरने से तकनीकी उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। जिससे प्लांट से अपेक्षित बिजली उत्पादन नहीं हो पा रहा है और उन्हें प्रतिदिन आर्थिक नुकसान हो रहा है। बताया कि उरेडा विभाग के सहयोग से स्थापित यह परियोजना पिछले एक वर्ष से संचालित हो रही है और इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर चार लोगों को रोजगार भी मिला हुआ है। लेकिन लगातार प्राकृतिक आपदाओं से परियोजना की स्थिरता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
बताया कि प्लांट का बीमा होने के बावजूद अभी तक नुकसान की भरपाई नहीं हो सकी है, जिससे निवेशकों और उद्यमियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। उन्होंने सरकार और बीमा कंपनियों से प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सोलर एवं अन्य अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं को होने वाले नुकसान के लिए मुआवजा और बीमा दावों की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह