नशे के अवैध कारोबार का विरोध करने पर हंगामा, महिला समेत 14 गिरफ्तार
हरिद्वार, 24 फरवरी (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार का विरोध करने पर देर रात जमकर हंगामा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक महिला सहित 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मोहल्ला सगरावाला, जगजीतपुर में स्थानीय लोगों ने नशे के कारोबार में संलिप्त एक महिला को रोक लिया। आरोप है कि महिला ने अपने नशेड़ी साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद वहां पहुंचे लोगों ने मोहल्लावासियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और सड़क पर हंगामा करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी चौकी जगजीतपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार करीब 14 व्यक्ति सड़क पर गाली-गलौज करते हुए उपद्रव कर रहे थे। राहगीरों के साथ अभद्रता की जा रही थी, जिससे यातायात भी बाधित हो रहा था।
पुलिस की ओर से समझाने के बावजूद आरोपितों का हंगामा जारी रहा। उपद्रव की आशंका को देखते हुए सभी को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में मौहम्मद मुन्ना निवासी अहबाबनगर ज्वालापुर, शंकर तोमर निवासी लाल मंदिर कॉलोनी ज्वालापुर, दीपक कोहरी निवासी ब्रह्मपुरी, मोहम्मद छोटा निवासी मोहल्ला घोसियान ज्वालापुर, दीपक राजपूत निवासी हनुमानगढ़ी कनखल, सौरभ निवासी ब्रह्मपुरी, सूरज आर्या निवासी गणपतिधाम फेस-3 राजागार्डन कनखल, विजय चौहान निवासी ब्रह्मपुरी, विकास कुमार निवासी सतीकुंड सर्वप्रिय बिहार कनखल, सुमित निवासी कृष्णानगर कनखल, अमन सैनी निवासी डिवाइन लाइट स्कूल के पास कनखल, आशीष निवासी छतरीवाला कुआं जगजीतपुर, गोपी चौहान निवासी जगजीतपुर तथा एक महिला निवासी मोहल्ला सगरावाला जगजीतपुर शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला