नशा तस्करी में फैजान व आदिल गिरफ्तार
हरिद्वार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से दो किलो से अधिक गांजा, 15 नशीले इंजेक्शन और 3170 रुपये की नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने नशा तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार, पांच अक्टूबर को चेकिंग के दौरान सुमननगर से मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो किलो से अधिक गांजा और गांजा बेचकर कमाए गए 2 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह सलेमपुर गंदे नाले के पास नाई की दुकान चलाता है और अपने साथी से गांजा लेकर ग्राहकों को बेचता था। मामले में फैजान और उसके साथी के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, रात के समय चेकिंग के दौरान फाउंड्री गेट से धीरवाली जाने वाली सड़क के पास मोटरसाइकिल सवार मोहम्मद आदिल को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 15 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और इन्हें बेचकर प्राप्त 1170 रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आदिल ने बताया कि उसने एक व्यक्ति से 25 इंजेक्शन 1250 रुपये में खरीदे थे, जिनमें से 10 इंजेक्शन वह 250 रुपये प्रति इंजेक्शन के हिसाब से बेच चुका था। पुलिस ने आरोपित की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।
दोनों मामलों में कोतवाली रानीपुर में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब कथित सप्लायरों की भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों में मोहम्मद फैजान (19), निवासी बिरामपुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सलेमपुर दादूपुर, रानीपुर, हरिद्वार व मोहम्मद आदिल (26), निवासी झिंझाना, शामली, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी पांवधोई, ज्वालापुर, हरिद्वार बताए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला