दवा कारोबारियों की हड़ताल का मिला जुला असर, दो धड़ों में बंटे संगठन, रिटेल की कई दुकानें खुली
हल्द्वानी , 20 मई (हि.स.)। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों द्वारा किए गए राष्ट्रव्यापी बंद का हल्द्वानी में मिला-जुला असर देखने को मिला। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर 20 मई को मेडिकल स्टोर बंद रखने की अपील की गई थी।
केमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन हल्द्वानी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन कारोबार से छोटे और मध्यम स्तर के दवा विक्रेताओं की आजीविका प्रभावित हो रही है, साथ ही मरीजों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
नगर अध्यक्ष गोपाल अधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण स्थानीय मेडिकल स्टोरों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। वहीं, महामंत्री गिरीश जोशी ने बताया कि इस कारोबार के बढ़ने से हजारों फार्मासिस्ट, मेडिकल स्टोर संचालक और दवा कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों की नौकरियां खतरे में हैं। बंद को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हल्द्वानी का भी समर्थन मिला। हालांकि शहर में सभी मेडिकल स्टोर बंद नहीं रहे।
रिटेल केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने बंद का समर्थन नहीं किया। संगठन के नगर अध्यक्ष हरीश पाठक ने कहा कि उनका संगठन राष्ट्रव्यापी बंद में शामिल नहीं है, इसलिए शहर के कई रिटेल मेडिकल स्टोर खुले रहे। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर और नैनीताल के कई दवा विक्रेताओं ने भी दुकानें खुली रखने का समर्थन किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता