नैनीताल में चलेगा डबल हेलमेट अभियान, पीछे बैठने वालों को भी किया जा रहा जागरूक

 


नैनीताल, 21 नवंबर (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात पुलिस, सीपीयू और थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिसकर्मी जागरूकता पंपलेट वितरित कर लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

अभियान के तहत दोपहिया वाहनों पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिसकर्मी बता रहे हैं कि हेलमेट सिर की चोट से बचाव में महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। इसलिए प्रत्येक सफर में चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को ISI मार्क हेलमेट का सही तरीके से प्रयोग करना चाहिए।

पुलिस ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन पर दोनों व्यक्तियों के हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की है। साथ ही वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की भी हिदायत दी गई है।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद में संचालित स्कूल बसों और वैन की भी नियमित जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान वाहनों की निर्धारित सीटिंग क्षमता, सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। अनियमितता मिलने पर संबंधित वाहन चालकों और संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी