अंडर 19 डिस्ट्रिक्ट लीग : आयुष, समर्थ एकेडमी और दून स्ट्राइकर्स क्लब जीते

 

देहरादून, 25 मार्च (हि.स.)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड की ओर से आयोजित देहरादून अंडर 19 डिस्ट्रिक्ट लीग में आयुष क्रिकेट एकेडमी, समर्थ क्रिकेट एकेडमी और दून स्ट्राइकर्स क्लब ने अपने-अपने मैच जीत लिये हैं।

डीआईएमएस यूनिवर्सिटी ग्राउंड पर बुधवार काे आयुष क्रिकेट अकादमी और थ्री स्टंप्स क्रिकेट एकेडमी के बीच खेले गए मैच में आयुष क्रिकेट एकेडमी ने 283 रनों से शानदार जीत हासिल की। पहले खेलते हुए आयुष एकेडमी ने 40 ओवर में 9 विकेट पर 386 रनों का स्कोर बनाया, जिसमें लक्ष्य ने 146 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। इसके अलावा निकुंज ने नाबाद 58, अभिनव बालियान ने 54, आशु सोरेन ने 44 रन बनाए। थ्री स्टंप्स एकेडमी की ओर से अर्णव वर्मा ने तीन, सागर व दक्ष ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी थ्री स्टंप्स क्रिकेट एकेडमी की टीम 26.1 ओवर में 103 रनों पर ढेर हो गई। दक्ष ने 13, अर्णव वर्मा ने 46, शौर्य गुप्ता ने 10 रन बनाए। आयुष क्रिकेट एकेडमी के लिए लक्की पराशर ने 4, तनिष्क खत्री ने 2 विकेट चटकाए।

एक अन्य मैच में जीडी गोयंका क्रिकेट ग्राउंड पर समर्थ क्रिकेट एकेडमी और जीएसआर क्रिकेट एकेडमी के बीच हुए मैच में समर्थ क्रिकेट एकेडमी ने 53 रनों से जीत दर्ज की। पहले खेलते हुए समर्थ क्रिकेट एकेडमी ने 38.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 223 रन बनाएं।विवान शर्मा ने 37, सैफ अली खान ने 35, अंशुमान ने 32, आर शर्मा ने 30 रन बनाए।

जीएसआर एकेडमी की ओर से मोहम्मद आरिश ने 3, सुमित मखलोगा, आकिब राव, शान खरोला ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी जीएसआर क्रिकेट एकेडमी की टीम 31.4 ओवर में 170 रन पर ढेर हो गई। सुमित मखलोगा ने नाबाद 49, प्रणव ने 45, शगुन राणा ने 35, अक्ष गुप्ता ने 15 रन का योगदान दिया।समर्थ क्रिकेट एकेडमी के लिए प्रियांशु ने चार, समर्थ ने तीन व शौर्य चौहान ने दो विकेट झटके।

दून स्ट्राइकर्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड 2 में गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी और दून स्ट्राइकर्स क्रिकेट क्लब के बीच खेले गए मैच में दून स्ट्राइकर्स क्रिकेट क्लब ने पांच विकेट से जीत हासिल की। पहले खेलते हुए गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी ने 34.1 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 109 रन बनाएं। जिसमें ऋषभ ने 30, आरिक रावत ने 22, अयान अली ने 16 रन बनाए। दून स्ट्राइकर्स के लिए स्मिथ सहगल और राज तोपवाल ने चार-चार विकेट चटकाए।

जवाब में दून स्ट्राइकर्स क्रिकेट क्लब ने 22. 3 ओवर में 5 विकेट रहते हुए जीत हासिल कर ली। राज तोपवाल ने 56, दिव्यांश व सुखबीर सिंह ने 12 -12 रन बनाए। गुरुकुल एकेडमी के लिए रिषभ ने दो विकेट झटके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल