राष्ट्रपति के देहरादून आगमन को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
देहरादून, 11 जून (हि.स.)। देहरादून जनपद में 12 जून को प्रस्तावित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी और देहरादून के बीच आवागमन करने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
देहरादून पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश और भानियावाला से देहरादून आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर, थानो, 6 नंबर पुलिया और सहस्रधारा क्रॉसिंग होते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा। ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईटी पार्क और साईं मंदिर मार्ग से भेजा जाएगा।
इसी तरह हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक और दूधली मार्ग से कारगी चौक होते हुए शहर में प्रवेश दिया जाएगा। हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहन कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड और अनारवाला मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों को भी शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक और अनारवाला मार्ग से भेजा जाएगा। देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक और नेपाली फार्म तिराहे से होकर भेजने की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, आईटी पार्क, सहस्रधारा क्रॉसिंग और थानो रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व निर्धारित डायवर्जन मार्गों की जानकारी प्राप्त कर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय