दून में सघन चेकिंग अभियान
देहरादून, 03 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने शुक्रवार को पूरे जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग की गई और पुलिस टीमों ने संवाद स्थापित कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में गौरा पुलिस और यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ-साथ कार्यस्थल पर जाने वाली महिलाओं से पुलिस टीमों ने संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करते हुए आमजन से बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए लगातार उपलब्ध है। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ भी की गई।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, जनपद में दिन-रात लगातार सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। एसएसपी के निर्देश पर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय